एंजेलिना और ब्रैड पिट अब जा कर करेंगे शादी
एंजेलिना और ब्रैड पिट अब जा कर करेंगे शादी
लॉस एंजिलिस. 28 जनवरी 2012
पिछले सात सालों से साथ-साथ रह रहे एंजेलिना जोली और ब्रैड पिट को अब कहीं जा कर
लगा है कि विवाह नामक संस्था का भी कोई मायने मतलब है. अब दोनों ने जल्दी ही शादी
करने का फैसला किया है.
दोनों ने इससे पहले कहा था कि जब तक देश में समलैंगिक विवाह को मान्यता नहीं मिल
जाती, तब तक वे शादी नहीं करेंगे. एंजेलिना जोली अपने को समलैंगिक कहती रही हैं
लेकिन उन्होंने ब्रैड पिट के साथ अपनी जोड़ी बनाई ना कि किसी और लड़की के साथ.
बहरहाल अब सात साल के बाद दोनों को लगा कि यह फिलहाल संभव नहीं है तो दोनों ने शादी
की बात करनी शुरु कर दी है.
जून 4, 1975 में जन्मी एंजेलिना के माता-पिता से बेहद तनावपूर्ण रिश्ते रहे हैं.
माता-पिता दोनों ने ही अलग-अलग लोगों से ब्याह रचाया था. संभव है, इस अलगाव के कारण
भी एंजेलिना के मन में विवाह को लेकर एक ग्रंथी बन गई हो. हालांकि 1982 में लूकिंग
टु गेट आउट फिल्म में बाल कलाकार की भूमिका एंजेलिना ने निभाई थी लेकिन 1993 में
उनकी फिल्म साइबोर्ग और 1995 में आई हैकर से उनकी पहचान बनी. हैकर के ही सह-कलाकार
ब्रिटिश अभिनेता जॉनी ली मिलर से उन्होंने शादी की लेकिन कुछ ही समय बाद दोनों का
तलाक हो गया.
1999 में पुशिंग टिन की शूटिंग के दौरान वे अमरीकी अभिनेता बिली बॉब थार्नटन के
संपर्क में आईं और एक बार फिर उन्होंने शादी की. लेकिन तीन साल बाद एक बार फिर तलाक
हो गया.
अब पिछले सात सालों से एंजेलिना अपने पुरुष मित्र और अभिनेता ब्रैड पिट के साथ
अंततः शादी कर ही लेना चाहती हैं. उनका कहना है कि वे अपने गोद लिये बच्चों
मैडॉक्स, पैक्स, जहरा, शिलोह, नाक्स तथा विवियन के हक में यह फैसला ले रहे हैं.