कांग्रेस ने कहा-मोदी इज ग्रेट
कांग्रेस ने कहा-मोदी इज ग्रेट
अहमदाबाद. 28 जनवरी 2012
नरेंद्र मोदी महान हैं, यह बात हम नहीं, नरेंद्र मोदी की विपक्षी पार्टी कांग्रेस
कह रही है. इस साल गुजरात में होने वाले चुनाव से पहले कांग्रेस ने एक विज्ञापन में
नरेंद्र मोदी की तारीफ में ऐसे कसीदे काढ़े हैं कि भाजपाई भी शरमा जायें. हालांकि
इस विज्ञापन को लेकर अब कांग्रेस पार्टी के भीतर भी बवाल मचा हुआ है और इसके लिये
जिम्मेवार लोगों को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है.
असल में हुआ यह कि गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर गुजरात के कई इलाकों में
अखबारों के साथ कांग्रेस पार्टी का दो पन्ने का विज्ञापन बंटवाया गया, जिसमें बताया
गया है कि राज्य के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी किस तरह एक महान मुख्यमंत्री की
भूमिका निभा रहे हैं. अब तक नरेंद्र मोदी पर हमला करने का कोई अवसर नहीं चुकने वाली
कांग्रेस के इस विज्ञापन में नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ यह बताया गया है कि
मोदी कितने कुशल संगठनकर्ता और एक माहिर चुनावी रणनीतिकार हैं.
कांग्रेस के इस विज्ञापन में यह बताया गया कि किस तरह गुजरात हड़प्पा संस्कृति के
समय से ही व्यापार और विकास में प्रगतिशील राज्य रहा है. इस विज्ञापन में
गांधी-नेहरू परिवार की भी भरपूर प्रशंसा की गई है और गुजरात के विकास की मुख्य आधार
नर्मदा योजना में जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की महत्वपूर्ण
भूमिका होने की भी बात कही गई है. गुजरात की प्रशंसा के अलावा कांग्रेस द्वारा मोदी
पर यह आरोप भी लगाया गया है कि उन्होंने प्रदेश की जनता पर काफी बोझ लाद दिया है.
लेकिन इस विज्ञापन में आगे नरेंद्र मोदी की तारीफ के पुल भी बांधे गये हैं. मोदी के
कुशल नेतृत्व और उनकी प्रशासनिक दूरदृष्टि की प्रशंसा भी की गई है. विज्ञापन में
बताया गया है कि नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर, 2001 को राज्य के सीएम बने और वे गुजरात
को ऊर्जावान राज्य में तब्दील करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. उन्होंने
बायोटेक्नॉलजी के लिए अलग विभाग बनाया है. वह नर्मदा बांध की ऊंचाई 11.64 मीटर से
बढ़ाकर 121.92 मीटर करने में भी कामयाब रहे हैं.