सुपरस्टार मोहनलाल हो सकते हैं गिरफ्तार
सुपरस्टार मोहनलाल हो सकते हैं गिरफ्तार
कोच्चि. 15 जून 2012
दक्षिण के सुपर स्टार मोहनलाल पर हाथी दांत रखने का मुकदमा दर्ज किया गया है.
वनप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत किये गये इस मुकदमे में मोहनलाल को जेल की
हवा खानी पड़ सकती है. हालांकि सुविधा अनुसार कानून का इस्तेमाल करने वाले भ्रष्ट
प्रशासनिक अधिकारियों ने अभी तक मोहनलाल को गिरफ्तार नहीं किया है.
केरल वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार 11 महीने पहले मोहनलाल के घर पर आयकर विभाग
ने छापा मारा था. जहां मोहनलाल के घर से हाथी दांत की बरामदगी हुई थी. आयकर विभाग
ने मोहनलाल और ममूटी के घरों की तलाशी में हाथी दांत बरामद किया था. हालांकि
तत्कालीन वन मंत्री और फिल्म अभिनेता केबी गणेश कुमार ने हाथी दांत को लेकर टिप्पणी
की थी कि इस तरह की कोई बरामदगी नहीं हुई है.
अब जा कर कोडानाद वन विभाग ने इस मामले से संबंधित कागजात अदालत को उपलब्ध कराये
हैं और शिकायत दर्ज कराई है. वन विभाग ने इस मामले में मोहनलाल के अलावा दो अन्य
लोगों को भी आरोपी बनाया है.