मुलायम उखड़े बेटे अखिलेश की सरकार पर
मुलायम उखड़े बेटे अखिलेश की सरकार पर
लखनऊ. 1 अगस्त 2012
समाजवादी पार्टी के
सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने अपने ही पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुये कहा है
कि उनके बेटे अखिलेश सिंह की सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है. मुलायम
सिंह यादव ने कहा कि सरकार को 6 महीने में परिणाम देना था लेकिन 4 महीने का समय
गुजर जाने के बाद भी सरकार अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाई है.
मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी की विधानमंडल दल की बैठक को संबोधित करते हुये
अपने बेटे अखिलेश सिंह की सरकार को लेकर चेतावनी दी कि कामकाज का ढर्रा न सुधारने
और कार्यकर्ताओं की बात न सुनने वाले मंत्रियों की विदाई भी हो सकती है. उन्होंने
कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने पांच साल तक बसपा राज के कुशासन के खिलाफ संघर्ष
किया. इस सरकार से जनता को काफी उम्मीदें है. इसमें कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी.
मुलायम सिंह यादव ने पार्टी विधायकों को सलाह दी कि जनता से खूब घुलें-मिलें.
ज्यादा से ज्यादा समय जनता के बीच और क्षेत्र में दें जिससे लोकसभा चुनाव में भी
विधानसभा की तरह बेहतर नतीजे रहें. उन्होंने कहा कि सरकार और सत्तारूढ़ दल के बारे
में समाज में बेहतर संदेश देने की जिम्मेदारी विधायकों व मंत्रियों की है. अगर इनका
व्यवहार ठीक रहेगा तो लोगों का जनता पर भरोसा बढ़ेगा. साथ ही लोकसभा चुनाव में भी
विधानसभा की तरह बढ़िया नतीजे आएंगे. अगर जनता में नहीं गए तो लोकसभा चुनाव के
नतीजे भी ठीक नहीं रहेंगे.