महंगाई बढ़ने से मंत्री खुश
महंगाई बढ़ने से मंत्री खुश
नई दिल्ली. 20 अगस्त 2012
देश की जनता भले महंगाई के कारण आत्महत्या कर रही हो लेकिन केंद्रीय मंत्री
बेनीप्रसाद वर्मा ने बढ़ती महंगाई पर खुशी जताई है. यूरोप और अमरीका की भाषा में
बतियाने वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तक लालकिले से महंगाई को लेकर चिंता जता
चुके हैं लेकिन उनके मंत्री बेनीप्रसाद महंगाई बढ़ने को सही ठहरा रहे हैं.
केंद्रीय मंत्री बेनीप्रसाद वर्मा ने कहा है कि महंगाई बढ़ने से किसानों को फायदा
होता है. उनकी फसल अच्छे दामों में बिकती है. उनका कहना है कि दाल के दाम बढ़ेंगे
तो किसानों की फायदा मिलेगा. उनका कहना है कि आटा-दाल की कीमत बढ़ना अच्छा है.
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने दावा किया है कि इस साल जनवरी से मार्च के बीच वर्षा सामान्य से पांच प्रतिशत कम हुई. जनवरी तक देश के मौसम विज्ञान से सम्बंधित 36 में से 25 सम्भागों में कम वर्षा हुई.
वर्ष 2011-12 के दौरान देश का दाल उत्पादन एक करोड़ 70 लाख टन रहने का अनुमान जताया गया है. इस कारण दाल की कीमतें आसमान पर रहने की आशंका है.