भारत के खिलाफ जेहाद छेड़ेंगे- हाफिज सईद
भारत के खिलाफ जेहाद छेड़ेंगे- हाफिज सईद
लाहौर. 06 फरवरी 2010
मुम्बई हमलों के आरोपी व पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जमात-उद-दावा के मुखिया हाफिज सईद ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच समस्याओं के समाधान का एकमात्र समाधान जम्मू कश्मीर की आजादी ही है. सईद ने इसके लिये एकमात्र विकल्प के रूप में जेहाद छेड़ने की भी धमकी दी है.
मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ता व जमात-उद-दावा के सरगना हाफिज सईद को कुछ महीने पहले ही लाहौर हाईकोर्ट ने यह कह कर क्लिन चिट दिया था कि सईद का आतंक से कोई लेना देना नहीं है. हालांकि सईद के संगठन जमात-उद-दावा को संयुक्त राष्ट्र संघ ने आतंकी संगठन घोषित कर रखा है.
शुक्रवार को लाहौर के माल रोड पर एक सभा को संबोधित करते हुए हाफिज सईद ने कहा कि मैं चिदम्बरम से कहना चाहता हूं कि वह इस्लामाबाद जाने से पहले लाहौर आएं और मुझसे बातचीत करें. मैं उनको भारत-पाक के बीच समस्याओं के ठोस समाधान बताऊंगा. सईद ने पाक सरकार पर भी समग्र वार्ता के नाम पर लोगों को बहकाने का आरोप लगाया.
सईद ने सभा में कहा कि भारत-पाक के बीच समस्याओं का एकमात्र समाधान कश्मीर की आजादी है. अगर ऐसा नहीं हो सका तो हमारे लिये जेहाद का एकमात्र विकल्प खुला रहेगा.