सू ची के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध
सू ची के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध
म्यांमार. 11 मार्च,
2010
पिछले 20 सालों से किसी न किसी आरोप में हिरासत में रह रहीं बर्मा की लोकतंत्र
समर्थक नेता आंग सान सू ची को चुनाव लड़ने से रोकने के लिये बर्मा सरकार ने एक नया
कानून बनाया है, जिसके तहत किसी आपराधिक आरोप वाले व्यक्ति को किसी राजनीतिक दल से
जुड़ने की इजाजत नहीं होगी.
म्यांमार के नए चुनाव क़ानून ने अनुसार उन सभी के लोगों के चुनाव में शामिल होने पर
प्रतिबंध लगा दिया गया है, जो राजनीतिक क़ैद में है. धार्मिक नेताओं को भी इस
प्रतिबंध के दायरे में रखा गया है. इसके अलावा जिन लोगों के जीवन साथी विदेशी हैं,
उन्हें भी किसी राजनीतिक पद पर रहने की इजाजत नहीं होगी. ज्ञात रहे कि मुख्य
विपक्षी पार्टी नेशनल लीग ऑफ़ डेमोक्रेसी एनएलडी की नेता आंग सान सू ची के पति
ब्रिटेन के हैं.
आंग सान सू ची की पार्टी ने 1990 में बर्मा में हुए आम चुनाव में जीत हासिल की थी
लेकिन बर्मा की सैनिक सरकार ने उन्हें सत्ता संभालने की अनुमति नहीं दी और उन्हें
नजरबंद कर दिया. बीच-बीच में उनकी रिहाई होती है लेकिन फिर किसी न किसी बहाने से
उन्हें बर्मा सरकार नजरबंद कर देती है. ताज़ा मामले में वे पिछले 18 महीने से
नज़रबंद हैं और अक्टूबर 2010 में ही उनकी रिहाई संभव हो पायेगी.
|