आंध्र में दो माओवादी नेता मारे गये
आंध्र में दो माओवादी नेता मारे गये
हैदराबाद. 13 मार्च, 2010
आपरेशन ग्रीन हंट के तहत कार्रवाई कर रही आंध्र प्रदेश को एक बड़ी सफलता मिली है.
आंध्र पुलिस ने माओवादी संगठन भाकपा माओवादी के दो शीर्ष नेताओं शाकमूरी अप्पाराव
(55) और कोंडल रेड्डी उर्फ टेक रमणा (50) को अलग-अलग मुठभेड़ों में मार गिराने का
दावा किया है. आंध्र में फिर से अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहे माओवादी संगठनों के
लिये यह बड़ा झटका माना जा रहा है.
पुलिस के अनुसार शाकमूरी अप्पाराव (55) को प्रकाशम जिले में मारा गया. कम्युनिस्ट
पार्टी (माओवादी) के केंद्रीय समिति के सदस्य शाकमूरी पर दस लाख रुपए का इनाम था.
वहीं कोंडल रेड्डी उर्फ टेक रमणा (50) को वरंगल जिले के ताड़वाई मंडल में अपनी जान
गंवानी पड़ी. तेरास के पूर्व विधायक सूरीपेटा रामलिंगा रेड्डी का भाई कोंडल रेड्डी
उर्फ टेक रमणा दक्षिण तेलंगाना जोन समिति का सचिव रह चुका था.
इस बीच माओवादी समर्थक कवि वरवर राव और लोकगायक गदर ने दोनों मुठभेड़ों को फर्जी
बताते हुए मानवाधिकार आयोग से शिकायत की है. दूसरी ओर कोंडल रेड्डी के रिश्तेदार और
टीआरएस के पूर्व विधायक एस रामलिंगा रेड्डी ने भी मुठभेड़ को फर्जी करार देते हुए
इसके जांच की मांग की है.
आरोप है कि कोंडल रेड्डी को 10 मार्च को चित्तूर जिले के येरपेडू के समिप अंजीमेडू
के पास हिरासत में लिया गया था. इसी तरह शाकमूरी को पुणे के आसपास से हिरासत में
लिये जाने का आरोप है.
राज्य के पुलिस महानिदेशक गिरीश कुमार ने बताया कि दो पुलिस अधीक्षकों को घटनास्थल
के लिये रवाना किया गया है और पूरे मामले की जानकारी उनके लौटने के बाद ही मिल
पाएगी.
|