भगवा पर किसी का पेटेंट नहीं- चिदंबरम
भगवा पर किसी का पेटेंट नहीं- चिदंबरम
नई दिल्ली. 1 सितंबर 2010
भगवा आतंकवाद मुद्दे पर विपक्ष और अपनी ही पार्टी की आलोचना झेल रहे
भारत के गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि वह अपने बयान पर कायम हैं. उन्होंने
पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भगवा आतंकवाद पर किसी का पेटेंट नहीं है. वह इसके
जरिए जो संदेश देना चाहते थे वह देश भर में चला गया है.
उन्होंने कहा कि देश के कुछ
बम धमाकों के पीछे दक्षिणपंथियों का हाथ है और इस बयान पर वो कायम हैं. हालांकि
उन्होंने साफ किया कि पार्टी और उसके विचार उनकी पहली प्राथमिकता है.
ज्ञात रहे कि सप्ताह भर पहले केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने आंतरिक सुरक्षा
विषय पर आयोजित बैठक का उद्घाटन करते हुए कहा था कि देश के युवाओं में कट्टरवाद
फैलाने की कोशिश की जा रही है और इसके फलस्वरूप उपजे “भगवा आतंकवाद” से बच कर रहने
की ज़रूरत है. चिदंबरम ने कहा था कि हाल ही के दिनों में हुए कई बम विस्फोटों के
पीछे भगवा आतंकियों की संलिप्तता सामने आई है जिसके बारे में पुलिस अधिकारियों को
सतर्क रहना चाहिए.
पत्रकारों से बातचीत में चिदंबरम ने मंगलवार को कहा कि वह पहले व्यक्ति नहीं हैं
जिसने इस शब्द का इस्तेमाल किया है. इससे पहले भी यूपीए सरकार में शामिल मंत्रियों
समेत अन्य लोगों के द्वारा कई बार इसका प्रयोग किया जा चुका है. मैं इस मुहावरे पर
पेटेंट होने का दावा नहीं कर सकता.
चिदंबरम ने आज कॉमनवेल्थ गेम्स की सुरक्षा की समीक्षा करते हुये कहा कि सुरक्षा के
कड़े इंतजाम किये गये हैं और हमारे जवान हर मोर्चे पर निबटने के लिये तैयार हैं.